रांची में क्लाउड किचन चलाने वाली आदिवासी युवती से मारपीट पर बवाल, समाज ने दी रांची बंद की चेतावनी

रांची: राजधानी रांची के कांटाटोली स्थित बंगाली कॉलोनी में एक क्लाउड किचन के बाहर हुए विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। यहाँ रहने वाली आदिवासी युवती सलजा सांगा के साथ हुई मारपीट और कथित जातिसूचक टिप्पणियों के विरोध में आदिवासी समाज सड़कों पर उतर आया है।

सलजा सांगा पिछले आठ वर्षों से इस कॉलोनी में रहकर अपने घर से क्लाउड किचन का संचालन करती हैं। घटना वाले दिन किचन में ऑर्डर अधिक होने के कारण कई डिलीवरी बॉयज का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और सलजा के बीच बहस छिड़ गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि पड़ोस की एक महिला और कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। सलजा के मुताबिक, क्लाउड किचन को लेकर मोहल्ले वाले पहले भी कई बार आपत्ति जता चुके हैं।

दूसरी ओर, आरोपी पक्ष की महिला ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि क्लाउड किचन के कारण दिन-रात इलाके में शोर-शराबा बना रहता है। डिलीवरी बॉयज देर रात तक तेज हॉर्न बजाते हैं, जिससे आसपास के लोगों का रहना मुहाल हो गया है। हाल ही में ऑपरेशन करवा चुकी उक्त महिला का कहना है कि गाड़ियों के लगातार आने-जाने और शोर के कारण वे रात में सो भी नहीं पा रही थीं।

आदिवासी समाज में आक्रोश, बंद का ऐलान घटना की खबर मिलते ही आदिवासी नेता प्रेम साही मुंडा और ज्योत्सना केरकेट्टा समेत समाज के कई प्रतिनिधि बंगाली कॉलोनी पहुंचे और कड़ा विरोध जताया।

  • ज्योत्सना केरकेट्टा ने कहा कि यदि कॉलोनी के लोगों को कोई समस्या थी, तो बातचीत से समाधान निकाला जाना चाहिए था। एक अकेली आदिवासी युवती पर हाथ उठाना और उसे दबाने की कोशिश करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
  • प्रेम साही मुंडा ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करते हुए ‘रांची बंद’ का आह्वान किया जाएगा।

पुलिस की कार्रवाई जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए लोअर बाजार थाना और एससी-एसटी थाना में शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जानकारी देते हुए लोअर थाना के एसआई सलीम लुगुन ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर अभद्र व्यवहार और मारपीट का केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply