रांची: एशियन गेम्स 2026 में स्वर्णिम इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “एशियन गेम्स में झारखंड की बेटियों का यह शानदार प्रदर्शन पूरे देश और राज्य के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन और अदम्य जज्बे से राज्य के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। यह ऐतिहासिक सफलता देश व राज्य की युवा पीढ़ी, खिलाड़ियों और विशेषकर हमारी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।”
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों और प्रतियोगिता के अनुभवों के बारे में जानकारी ली तथा भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच-सह-सीईओ झारखंड रजनीश कुमार एवं जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद भी मौजूद रहे।
